सिसवा बाजार। ग्रामसभा पकड़ी चौबे में बने दो सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार हैं। कहीं गंदगी का अंबार लगा है तो कहीं पानी की व्यवस्था नहीं है। दरवाजे भी टूटे पड़े हैं। ऐसे में शौचालय उपयोग के लायक नहीं रह गए हैं। मजबूरी में ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए खेतों की ओर जाना पड़ रहा है।
ग्रामीण मिनत्रेश और फेकू ने बताया कि शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होती। पानी की व्यवस्था भी पूरी तरह ठप है। दरवाजे टूटे होने से इनका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।
शौचालयों की देखरेख करने वाले स्वयं सहायता समूह की सदस्य बच्ची देवी ने बताया कि पहले समूह को रखरखाव और सफाई के लिए छह हजार रुपये व सफाई उपकरण व अन्य सामग्री खरीदने के लिए तीन हजार रुपये मिलते थे। पिछले दो वर्षों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। इससे समूह के सदस्यों ने देखरेख और सफाई का काम बंद कर दिया है। इस समस्या को लेकर खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन भी दिया गया था लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
एडीओ पंचायत गुड्डू प्रसाद ने बताया कि सामुदायिक शौचालयों की बदहाली का मामला उनके संज्ञान में नहीं था। संबंधित ग्राम पंचायत सचिव से जांच कराई जाएगी। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।