सिंदुरिया। क्षेत्र के बसंतपुर खुर्द गांव में छह नवंबर की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के 5820 रुपये नकद और वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे कुईया कंचनपुर से आगे बसंतपुर पुलिया के पास नहर किनारे बगीचे से राम अशीष साहनी (20) और दिनेश (26) निवासी विश्वनाथपुर पड़वनिया, थाना सिंदुरिया को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने छह नवंबर की रात चोरी करने की बात स्वीकार की। तलाशी में राम अशीष के पास से 2800 रुपये और स्मार्टफोन, जबकि दिनेश के पास से 3020 रुपये बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, राम अशीष के खिलाफ सिंदुरिया थाने में पहले से एक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, वहां से जेल भेज दिया गया।