मतदान ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का चयन
महराजगंज। प्रथम चरण के रेंडमाइजेशन में पोर्टल पर फीड चुनाव कार्मिकों की सूची में से उन कर्मियों का चयन किया गया, जिनकी ड्यूटी मतदानकर्मी के रूप में लगाई जाएगी। अभी इन कर्मियों को विधानसभा क्षेत्र का आवंटन नहीं हुआ है। द्वितीय चरण के रेंडमाइजेशन में इनकी नियुक्ति विधानसभा वार की जाएगी।
ये बातें मंगलवार को एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहीं। एनआईसी में मतदान कार्मिकों की ड्यूटी से संबंधित प्रथम चरण का रेंडमाइजेशन हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि द्वितीय चरण की ट्रेनिंग के पहले सभी चयनित मतदान कार्मिकों को बूस्टर डोज लगा दिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी चुनाव कर्मी पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। चुनाव ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। जनपद में 2221 बूथों के लिए 9784 कर्मियों को मतदान के लिए लगाया जाएगा।