24 अगस्त को रास्ते में नल गाड़ने के विवाद के दौरान हो गई थी रामआसरे की मौत
चिउटहां। थाना क्षेत्र सिंदुरिया के रामपुर कला में मानसिक उत्पीड़न से हुई बैंक कैशियर रामआसरे की मौत मामले में पुलिस ने वांछित दूसरे आरोपी मोहम्मद रजा को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, रामपुर कला निवासी कुसुम देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षियों ने उनके पति रामआसरे के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर रामआसरे जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने धारा 105, 351(3), 352 बीएनएस तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस ने मामले में वांछित रामपुर कला निवासी मोहम्मद रजा (28) को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया। इस संबंध में थाना अध्यक्ष सिंदुरिया विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि दूसरे अभियुक्त मोहम्मद रजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।