परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा लाला के समीप गोरखपुर महराजगंज मुख्य मार्ग पर स्कार्पियो और ट्रैक्टर की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई की दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में स्कार्पियों सवार तीन व ट्रैक्टर ट्राली पर सवार दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के पिपरा लाला टोला भलुहीं निवासी इंद्रेश 45 ट्रैक्टर ट्राली लेकर भटहट कुछ जरूरी सामान लेने गए थे। उनके साथ गांव के ही विनोद 50 भी थे। वापस आते समय पिपरा लाला गांव के पास कट आउट से अपने टोले की तरफ मुड़ गए। इसी दौरान महराजगंज से गोरखपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर में ट्रैक्टर चालक इंद्रेश व उनके साथ गए विनोद व स्कार्पियो सवार असब 20, आजम 22 निवासी चिलबिलवा थाना गुलहरिया, गोरखपुर व गुलहसन 25 निवासी रामपुर चकिया टोला बरैठवा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इंद्रेश व विनोद को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर पहुंचाया वहीं स्कार्पियो सवार घायलों का इलाज भटहट के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद