परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत निपनिया, टोला कारीडीह निवासी विष्णु विश्वकर्मा (33) का शव बुधवार को उसके कमरे में बेड पर मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में ले ली।
जानकारी के मुताबिक, विष्णु विश्वकर्मा मंगलवार की रात में भोजन करके अपने कमरे में सोने चले गए। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे तक विष्णु कमरे से बाहर नहीं निकला, तो उनका छोटा भाई किशुन विश्वकर्मा आवाज देकर दरवाजा खटखटाने लगा। इस पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो उसने ग्राम प्रधान व अन्य पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।
सूचना के बाद मौके पहुंची पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो देखा कि विष्णु का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम मामले की हर पहलू से जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने युवक की मौत का कारण विषाक्त पदार्थ खाना बताया है। थानाध्यक्ष योगेंद्र ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।
20 दिन पहले कहासुनी के बाद पत्नी चली गई थी मायके
जानकारी के मुताबिक, युवक की शादी 10 साल पहले परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोहरगड्डी निवासी इंदर प्रसाद विश्वकर्मा की बेटी रेनू विश्वकर्मा के साथ हुई थी। मृतक के छोटे भाई किशुन विश्वकर्मा ने कहा कि 20 दिन पहले विष्णु विश्वकर्मा की पत्नी रेनू के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसकी पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई थी। युवक की चार बहनें व दो भाई हैं। विष्णु बहनों व भाईयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से पत्नी रेनू विश्वकर्मा व बहन किरन, कुसुम, लाली, सुषमा तथा भाई किशुन विश्वकर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।