स्थलीय सत्यापन के बाद शिकायतों का निस्तारण करें
संपूर्ण समाधान दिवस में 360 में 43 मामलो का निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 360 मामले आए। इसमें 43 का मौके पर निस्तारण हुआ। अन्य लोगों को जल्द समाधान का आश्वासन देकर भेज दिया गया। वहीं डीएम ने स्थलीय सत्यापन के बाद शिकायतों का निस्तारण करने को कहा।
सदर तहसील में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 161 शिकायतों की सुनवाई करते हुए डीएम ने 28 शिकायतों का निस्तारण मौके पर कर दिया। वहीं फरेंदा में 106 में 10, नौतनवां में 62 में चार, निचलौल में 31 में तीन मामलों का निस्तारण हुआ।
ग्राम खुटहा के 11 मामलों की जांच के लिए डीपीओ, खेमपिपरा के पांच मामलों के लिए एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, इमिलिया के पांच मामलों के लिए ईओ नगर पालिका सदर, नंदाभार के पांच मामलों के लिए एक्सईएन जल निगम, पतरेगवा के पांच मामलों के लिए बीएसए, पनेवा पनेई के पांच मामलों के लिए ईओ घुघली, दरहटा के पांच मामलो के निस्तारण के लिए टीम भेजी गई।
जिलाधिकारी डॉ.उज्ज्वल कुमार ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर स्थलीय सत्यापन के बाद ही किया जाए। निस्तारण में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि थानाध्यक्ष सतर्कता बरते, टीम बनाकर शिकायतों का निस्तारण करें। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गस्त तेज करें। इस दौरान सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्टेट साई तेजा सिलम, सीओ राजू कुमार साव, पीडी राजकरन पाल, तहसीलदार मोहम्मद जसीम आदि मौजूद रहे।
--------------
अनुपस्थित तीन एडीओ से स्पष्टीकरण तलब
नौतनवां। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम प्रमोद कुमार एवं सीओ अजय सिंह चौहान ने फरियाद सुनी। यहां कुल 62 मामले आए। इनमें से चार मामलों का मौके पर ही निस्ताण कर दिया गया। वहीं बिना किसी सूचना के अनुपस्थित नौतनवां के एक, लक्ष्मीपुर के दो एडीओ पंचायत से स्पष्टीकरण तलब किया गया। इस दौरान तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता, ईओ नौतनवां विरेंद्र राव, ईओ सोनौली राजनाथ यादव आदि मौजूद रहे। संवाद
मीटर लग गया, कनेक्शन मिला ही नहीं
महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के रेहाव गांव की अनिता देवी बीते दो साल से परेशान हैं। उनके घर में मीटर लग गया है। पर, कनेक्शन नहीं जुड़ा। कनेक्शन के लिए दिव्यांग अनिता देवी ने संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से शिकायत की। उनकी समस्या को सुनने के बाद जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने संबंधित अधिकारी को मामले का त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। अनिता देवी ने बताया कि घर में दो साल पहले मीटर लगा दिया। उसके बाद विद्युत निगम के कर्मचारी झांकने नहीं गए। पोल से तार जुडृा नहीं है। जिससे बिजली नहीं मिल रही है। बार बार कहने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। एक्सईएन हरिशंकर ने कहा कि समस्या का समाधान जल्दी कर दिया जाएगा।