खनुआ हाईटेक लेयर फार्म कैथवलिया उर्फ बरगदही पर पशु विभाग की टीम जांच व नमूने लेते हुए ।
विभागीय टीम ने कैथवलिया उर्फ बरगदही में हाईटेक लेयर फॉर्म में लिए नमूने
नेपाल में बर्ड फ्लू को लेकर पशु चिकित्सा विभाग सतर्क
खनुआ। नेपाल में बर्ड फ्लू के मामले मिलने के बाद पशु चिकित्सा विभाग ने जनपद के नेपाल के सरहदी इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार को उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी नौतनवा डॉ. अशोक यादव के नेतृत्व में टीम ने पोल्ट्री फॉर्म में बचाव इंतजामों का जायजा लेकर संचालक व मैनेजर को तत्काल व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। टीम ने 28 मुर्गियों के नेजल, सीरम के नमूने लिए।
सोमवार को दोपहर में उप मुख्य चिकित्साधिकारी ने टीम के साथ कैथवलिया उर्फ बरगदही स्थित हाईटेक लेयर फॉर्म पर जाकर जांच की। इस दौरान उन्होंने कहा कि फार्म में आने-जाने के बाद खुद को सेनेटाइज करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पोल्ट्री के मुख्य द्वार पर सेनेटाइज्ड स्पंज लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि फॉर्म की अंदर बाहरी लोगों को कतई न दाखिल होने दिया जाए। आने-जाने वाले लोग सेनेटाइज्ड स्पंज से ही गुजरें। इसी से संक्रमण से बचाव हो सकेगा। मुर्गियों के सैंपलों की जांच के बाद ही संक्रमण का पता लगाया जा सकेगा। नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
साथ ही फॉर्म के बाहर कुछ मौजूद ग्रामीणों से अपील किया कि पक्षियों की आकस्मिक मौत की जानकारी मिलते ही विभागीय टीम को फौरन सूचित करें, ताकि आकस्मिक मृत्यु के कारणों का पता लगाया जा सके। उप मुख्य पशु-चिकित्साधिकारी फॉर्म मैनेजर रामशरण प्रसाद को साफ-सफाई से संबंधित व्यवस्था में सुधार करने के लिए भी निर्देशित किया।