सड़क हादसे में युवक की मौत, तीन घायल
निचलौल(महराजगंज)। थानाक्षेत्र के झुलनीपुर नहर मार्ग स्थित एक पार्क के पास शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे हुए सड़के हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि मासूम सहित तीन घायल हो गए। एक बाइक पर चार लोग सवार थे। घायलों को सीएचसी निचलौल ले जाया गया। घायलों की हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक सवार मृत युवक ने हेलमेट पहन रखा था। ठोकर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक भारत-नेपाल सीमा से सटे रेंगहिया गांव निवासी 30 वर्षीय मंजू छह माह की बेटी आयुषी का इलाज कराने 38 वर्षीय जेठानी मीरा तथा पड़ोसी 28 वर्षी विद्यासागर के साथ एक बाइक पर सवार होकर निचलौल शहर जा रही थीं। चारों एक बाइक से झुलनीपुर नहर मार्ग स्थित एक पार्क के पास पहुंचे थे। इसी बीच अनियंत्रित वाहन की चपेट में आ गए। बाइक चालक विद्यासागर की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक सवार मीरा, मंजू और मासूम आयुषी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने कहा कि हादसे की जानकारी नहीं है।