इस बार तीन चरण में किए जा सकते हैं आवेदन
1686 को निजी स्कूलों में मिलेगा निशुल्क प्रवेश
पहले चरण का आवेदन दो फरवरी से 16 फरवरी और दूसरे चरण में 21 फरवरी से सात मार्च होंगे आवेदन
महराजगंज। आरटीई के तहत निशुल्क प्रवेश प्रक्रिया प्रभावी कर दी गई है। जनपद में इसके लिए दो फरवरी से ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। कुल तीन चरण में 1,686 विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश दिलाया जाएगा। 27 मार्च तक तीनों चरणों की प्रक्रिया पूरी होगी।
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए निशुल्क शिक्षा का अधिकार कानून के अंतर्गत दो फरवरी से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इस बार यह प्रक्रिया दो माह की देरी से प्रभावी की गई है, क्योंकि आरटीई का पोर्टल शासन स्तर से अपडेट किया जा रहा था। अपडेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा महानिदेशक स्तर से बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को पत्र मिला है। इस बार चार नहीं बल्कि तीन चरणों में यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। तीन चरण में आवेदन करने वालों को ई लाटरी के जरिये स्कूल आवंटित किया जाएगा। महराजगंज के लिए कुल 1686 प्रवेश सीटें तय की गई हैं। निम्न आय वर्ग के अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए rte25.upsdc.govin पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
25 फीसदी सीटें आरक्षित
आरटीई के तहत निजी स्कूलों को 25 फीसदी सीट निम्न आय वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित रखने का प्रावधान है। निजी स्कूलों को इसके एवज में 450 रुपये प्रति माह की दर से 11 माह की शुल्क प्रति पूर्ति शासन से दी जाती है। साथ ही ड्रेस व स्टेशनरी के लिए 5,000 रुपये अभिभावक खाते में भेजे जाते हैं।
इन प्रपत्रों की जरूरत
आरटीई के तहत आवेदनकर्ता को आय प्रमाणपत्र, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा। इस बार बच्चों के आधार अपलोड करने की जगह अभिभावक माता-पिता अपने आधार कार्ड नंबर का उपयोग कर सकेंगे। पहले चरण का आवेदन दो फरवरी से 16 फरवरी तक होगा, इसकी लाटरी 18 फरवरी को होगी। दूसरा चरण 21 फरवरी से सात मार्च है। इसकी लाटरी 9 मार्च को होगी। अंतिम चरण 12 मार्च से 25 मार्च तक रखा गया है, इसकी लाटरी 27 मार्च को होगी।
गठित होगी हेल्पडेस्क
आरटीई के तहत आवेदन करने वालों के लिए कलेक्ट्रेट में हेल्प डेस्क का गठन किया जाएगा। यह प्रावधान आरटीई की प्रक्रिया बेहतर व उपयोगी बनाने के लिए पहली बार प्रभावी किया गया है। डीएम, सीडीओ, बीएसए, डायट प्राचार्य, डीआईओएस व आरटीई जिला समन्वयक की समिति आवेदनों की जांच व ई लाटरी प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
वर्जन
महानिदेशक स्कूल शिक्षा का पत्र मिलने के बाद जिले में यह प्रक्रिया प्रभावी की जा रही है। तय तिथि पर पहले चरण का आवेदन लिया जाएगा। पिछली बार यह दिसम्बर में शुरू हो गई थी, लेकिन इस बार पोर्टल अपडेशन के कारण समय लगा।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए।