- गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली कई सड़कें जर्जर, जगह-जगह उखड़ी गिट्टियां
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। लगातार हुई बारिश के बाद जिले में गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़कों की हालत खस्ताहाल हो गई है। जगह-जगह सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए राहगीरों को हिचकोले खाने पड़ रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी छात्रों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है।
जानकारी के अनुसार, निचलौल क्षेत्र में निचलौल-बहुआर जंगल मार्ग करीब 10 किलोमीटर लंबा है। यह करीब 20 हजार लोगों के लिए प्रमुख मार्ग है। सड़क की स्थिति खराब होने से लोगों को परेशानी हो रही है। निचलौल से कोहड़वल जाने वाली सड़क दर्जनभर गांवों को जोड़ती है और रोजाना करीब 12 हजार लोग इससे गुजरते हैं।
कपिया निवासी रामसूरत ने बताया कि सड़क टूट जाने से वाहन चलाने में परेशानी होती है और धूल व गड्ढों के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत भी होती है। पनियरा क्षेत्र में चौरी-खुटहा मार्ग भी बदहाल है। करीब सात किलोमीटर लंबे मार्ग से एक हजार से अधिक लोग गुजरते हैं। गेंहुअना निवासी डॉ. उमेश ने बताया कि सड़क खराब होने से आवागमन प्रभावित है।
घुघली क्षेत्र में भुअना-टेढ़वा गांव के पास सड़क की हालत खराब है। रामपुर से खड़ेसर तक करीब दो किलोमीटर मार्ग भी क्षतिग्रस्त है। वहीं सिसवा क्षेत्र में लोहेपार निवासी योगेंद्र सिंह ने बताया कि सोनबरसा से चोखराज तुलस्यान विद्या मंदिर के पीछे तक करीब पांच किलोमीटर की सड़क खराब है। इससे रोजाना एक हजार से अधिक लोग गुजरते हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और बढ़ गई है। बरवां से मधवलिया तक करीब छह किलोमीटर सड़क की स्थिति भी खराब है।
ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोग आवागमन करते हैं। फरेंदा क्षेत्र में भैया फरेंदा से लेजार महदेवा मार्ग की हालत खराब है। इससे करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित है। नौतनवां क्षेत्र में नौतनवां-सूंडी और नौतनवां-नरकटहां मार्ग भी क्षतिग्रस्त हैं। वहीं श्यामदेउरवां-मुहम्मदपुर होते हुए कुशीनगर के साहपुर से मंसूरगंज जाने वाले करीब तीन किलोमीटर मार्ग पर भी राहगीरों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
प्रांतीय निर्माण खंड के सहायक अभियंता कर्ण सिंह ने बताया कि जिले की कई सड़कों का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कराया जाएगा।
स्पीकअप
सड़क की गिट्टियां उखड़ने के कारण बाइक और साइकिल से चलना मुश्किल हो गया है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क का अंदाजा नहीं लगता। इससे लोग गिरकर घायल भी हो जाते हैं।
-निवासी योगेंद्र, सिंह निवासी लोहेपार
रायपुर से पटखौली को जोड़ने वाली सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। सड़क टूटने से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी होती है। खराब सड़क के कारण कई बार वाहन लेकर निकलना जोखिम भरा लगता है।
-रमेश जायसवाल, सिसवां