सिसवा की ग्राम सभा सेमरी विकास कार्यों का लिया जायजा
चिउटहां। विकासखंड सिसवा की ग्राम सभा सेमरी में बृहस्पतिवार को परफॉर्मेंस ग्रांट से कराए जा रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों का उप निदेशक पारुल सिसोदिया ने निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, उप निदेशक पंचायत पारुल सिसोदिया और जिला पंचायत अंबेडकरनगर के सहायक अभियंता राजीव रॉय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ग्राम सभा सेमरी में हुए कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपयोगिता की जानकारी ली। टीम ने पंचायत भवन, अमृत सरोवर, तीन आंगनबाड़ी केंद्रों समेत विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्रस्तावित प्रदीप के घर से नहर तक खड़ंजे के लिए चिह्नित स्थल का भी जायजा लिया।
अधिकारियों ने मौके पर प्रस्तावित नए कार्यों की आवश्यकता और ग्रामीणों को होने वाले लाभ की जानकारी संबंधित जिम्मेदारों से ली। इस मौके पर उप निदेशक पंचायत पारुल सिसोदिया ने कहा कि गांव की आवश्यकता और उपयोगिता के आधार पर कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत बलिराम मौर्या, इंजीनियर आजाद सिद्दीकी, ग्राम पंचायत सेमरी के सेक्रेटरी नीरज कुमार सिंह, ग्राम प्रधान अमीन अली आदि मौजूद रहे।