महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों के विकास कार्यों और डूडा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति पर चर्चा हुई।
डूडा अधिकारी ने बताया कि जिले में 386 लाभार्थियों ने पहली किश्त की राशि लेने के बाद भी मकान का निर्माण शुरू नहीं किया है। जिलाधिकारी ने पीओ डूडा को स्थलीय जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो लाभार्थी पहली और दूसरी किश्त लेने के बाद भी निर्माण में लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाए।
जिलाधिकारी ने आवास 2025-26 के लिए पात्र व्यक्तियों के चयन पर जोर दिया। उन्होंने डूडा विभाग के अधिकारी और सभी ईओ को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अपात्र व्यक्तियों का चयन न किया जाए।
साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी ध्यान देने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), पीओ डूडा और निकायों के सभी ईओ मौजूद रहे।