महराजगंज। जनपद के नोडल मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक की। विभिन्न विकास कार्यों, शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर जनसुविधाओं का जायजा लेने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निर्देश दिए कि लंबे समय से एक पटल अथवा एक क्षेत्र में तैनात कार्मिकों का नियमित रोटेशन किया जाए। उन्होंने रजिस्ट्री विवादों को कम करने के लिए प्रक्रिया और फर्जीवाड़े से बचने के विषय में लाेगों को जागरूक करने और इस संदर्भ में आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। कहा कि इस संदर्भ में अधिकारियों और कर्मियों की भी जवाबदेही तय करें। उन्होंने ओडीओपी उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए प्रदर्शनी आयोजित करने के लिए कहा। साथ ही नाइट वेडिंग जोन जैसी परियोजनाओं के निर्माण के लिए निर्देशित किया ताकि बाहरी लोगों को भी आकर्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।