सड़क पर बने गड्ढों में हिचकोले खाते हुए यात्रा करने को लोग मजबूर
सड़क की खराब हालत से 50 हजार की आबादी को हो रही परेशानी
सिंदुरिया। मुख्यालय से मात्र छह किलोमीटर दूर रामपुरमीर से कंचनपुर को जोड़ने वाली सड़क बदहाल हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों में लोग हिचकोले खाते हुए यात्रा करने को मजबूर हैं। सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने को लेकर किए जा रहे तमाम दावों के बाद भी इस सड़क की दशा नहीं सुधर रही है। इससे लगभग 50 हजार आबादी प्रभावित हो रही है।
बदहाल सड़क के चलते लोग बेहाल हैं जबकि जिम्मेदार मामले को लेकर आंख मूंदे हुए हैं। सड़क की बदहाली से एक ओर जहां लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं इस पर चलने वाले वाहन बार-बार खराब हो रहे हैं। इस सड़क से दर्जन भर स्कूली वाहन व सैकड़ों छात्र अपने निजी साधन से आते-जाते हैं।
यह सड़क कंचनपुरपुर, बौलिया बाबू, बलुहई धूस, होते हुए सिसवा बाजार को जोड़ती है। बसंतपुर खुर्द, बड़हरा मीर, मोहनापुर, अरनहवा, पतरेगवां आदि दर्जनों गांवों के लोगों को इस मार्ग पर सुगम आवागमन की हर रोज चुनौती मिल रही है। सड़क पर जगह-जगह उखड़ी-बिखरी गिट्टियों व जानलेवा गड्ढों से कब कौन हादसे का शिकार हो जाए कहा नहीं जा सकता।
वर्जन
कंचनपुर से रामपुर मीर तक सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। राहगीरों का आवागमन दूभर हो गया है। लोग दूरी कम होने की वजह से इसी रास्ते का चुनाव करते हैं, लेकिन जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ रही है।
-राहगीर रामचंदर, सिंदुरिया भगवानपुर
इस मार्ग से लोग किसी तरह से निकल कर आगे की यात्रा करते हैं। मार्ग पर बने गड्ढों में कई लोग गिर कर गंभीर चोट भी खा चुके हैं। फिर भी इसके जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
-पप्पू यादव, निवासी पतरेगवां
वर्जन
मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराकर जल्द समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
-राजकुमार मिश्र, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग