दो समुदायों में विवाद, मारपीट के बाद गांव में पुलिस बल तैनात
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैरियां में शनिवार को होली मनाने के दौरान दो समुदायों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बैरियां में शनिवार को होली मनाने के दौरान डीजे बजाते हुए जुलूस निकाला गया था। इसमें सैकड़ों युवक अबीर गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। आरोप है कि जुलूस जब बैरियां स्थित मस्जिद के पास पहुंचा तो अबीर व गुलाल के छींटे मस्जिद की दीवार पर चले गए। जिसका एक समुदाय के लोगों ने विरोध किया। जिसे लेकर मामला तूल पकड़ लिया और दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मामले को शांत कराया।
प्रभारी निरीक्षक आनन्द कुमार गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। गांव में अब कोई तनाव नहीं है। दोनो पक्षों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।