गलन से बढ़ी मुश्किल, अलाव बना सहारा
- शनिवार को नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन, बूंदाबांदी के साथ हवाओं के चलने से सिहर उठे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शनिवार को एक बार फिर मौसम से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिन में हो रही बूंदाबांदी के बीच चल रही हवाओं ने जहां ठंड को बढ़ाया, वहीं गलन ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए।
पिछले दो दिनों से दिन में निकल रहे धूप को देखते हुए लोग यह संभावना जता रहे थे कि शनिवार को भी दिन में धूप खिलेगी। सुबह के वक्त कोहरा तो नहीं हुआ, लेकिन गलन काफी था। एक बार लगा भी कि मौसम साफ होगा, लेकिन बाद में हवाओं के चलने से मौसम फिर खराब हो गया। बूंदाबांदी व हवाओं ने दिन में ही ठंड बढ़ा दिया। जरूरी कार्य से घर से बाहर निकले लोगों ने ठंड से अपने बचाव का पूरा प्रबंध कर रखा था, वहीं घरों में लोग अलाव के पास बैठे नजर आए। शिनवगर के राजकुमार पांडेय ने बताया कि दिन में चल रही हवा व बूंदाबांदी ने ठंड बढ़ा दिया है। सिविल लाइन में रहने वाले ओमप्रकाश ने बताया कि सुबह व शाम गलन से बचना सभी के लिए जरूरी है। अशोक नगर के दुर्गेश ने कहा कि ठंड में बचाव की दृष्टिगत घर में रहना सुविधाजनक है।
ठंड की वजह से शनिवार को लोग एक बार फिर गर्म वस्त्र खरीदते नजर आए। फेरी लगाकर तथा चौराहे पर अस्थायी रूप से दुकान चलाने वाले दुकानदार हों या बड़े दुकानदार, सभी जगह कपड़ों की खरीददारी को लेकर भीड़ नजर आई।