महराजगंज। ईद- उल-अजहा (बकरीद) की तैयारियां लगभग अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। त्योहार की खरीद पूरी करने के लिए बाजार में लोगों का हुजूम देखा जा रहा है। सर्वाधिक खरीद त्योहार में मित्र व रिश्तेदारों को क्या परोसना है, इसके लिए की जा रही है।
शीर खुरमा भी बकरीद की खास डिश बन चुकी है, जिसका इंतजाम शाकाहारी लोगों के लिए लगभग सभी घरों में किया जाता है। इसके लिए सेंवई, ड्राई फ्रूट के साथ केसर की खरीद में जेब ढीली हो रही है।
बकरीद पर इन सामग्रियों की दुकान लगाने वाले मकसूद कहते हैं कि शीर खुरमा में प्रयोग होने वाली लगभग सभी सामग्री के रेट पिछले वर्ष जितने ही हैं, लेकिन केसर महंगा हुआ है। एक ग्राम की कीमत इस बार 368 रुपये है जो पिछली बार 310 रुपये प्रति ग्राम थी।
बकरीद का त्योहार दोस्त और रिश्तेदारों का मेलजोल बढ़ाने वाला माना जाता है। इसमें एक दूसरे के घर आने-जाने का रिवाज है। प्रत्येक मुस्लिम परिवार में कुछ खास डिश जरूर बनती है, जिसमें शीर खुरमा का क्रेज खूब है। मुख्यालय निवासी रुखसार ने बताया कि इसे हम लोग घर पर ही तैयार करते हैं। सामग्री बाजार से मंगाई है। सेवई, दूध, खजूर, सूखे मेवे के मिश्रण से इसे तैयार करते हैं। सबसे अंतिम में केसर जरूर डाला जाता है। केसर इस बार पिछले वर्ष की तुलना में महंगा है। सक्सेना चौक पर त्योहार को देखते हुए दुकानें सजी हैं। दुकान संचालक सलमान ने बताया कि शीर खुरमा की सेवई 100 रुपये किलो, मिश्रण वाला खजूर 350 रुपये किलो तो मिक्स सूखे मेवे अलग-अलग रेट पर बिक रहे हैं। शीर खुरमा में टाइगर ब्रांड केसर की डिमांड रहती है। इस बार यह पिछले वर्ष से महंगा है।