सिसवां के सेनानी नगर वार्ड में बदहाल सड़क पर बहता नाली का गंदा पानी।
घुघली। स्थानीय कस्बे में शुद्ध पेयजल व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। इसे लेकर जिम्मेदारों की ओर से कारगर प्रयास नहीं किया जा रहा है। करीब 41 साल गुजर गए, लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी। टूटी सड़कें, बजबजाती नालियां, जलभराव कस्बे की पहचान बन चुकी है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 1984 में नगर पंचायत के गठन से लेकर आज तक घुघली नगर के लोग बुनियादी सुविधाओं का अभाव झेल रहे हैं। 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 11 हजार की आबादी वाली इस नगर पंचायत में 11 वार्ड हैं, जिसमें घुघली वार्ड नंबर एक सबसे अधिक आबादी वाला वार्ड है। इसकी जनसंख्या 1479 है।
नगरवासी अब तक छह अध्यक्षों का चुनाव कर चुके हैं, मगर किसी ने भी नगरवासियों को शुद्ध पेय जल मुहैया नहीं कराया। राधेश्याम मल्ल ने बताया कि मोहल्ले के लोग बरसात के समय में नारकीय जिंदगी जीने को मजबूर हो जाते हैं। घरों के सामने घुटना भर पानी पूरे बरसात के मौसम में लगा रहता है।
निहाल सिंह ने बताया कि मोहल्ले में नालियां टूट गई हैं, जिससे समस्या होती है। रमेश जायसवाल ने बताया कि नगर में कई जगह सड़क और नालियां ध्वस्त हैं।