महराजगंज। अब वाहन की फिटनेस के नाम पर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग गलत तरीके से जुर्माना नहीं वसूल सकेगा। परिवहन विभाग की वेबसाइट पर खुद फिटनेस जांच अवधि की जानकारी मिल सकेगी।
यह सहूलियत ऑनलाइन इसलिए दी जा रही जिससे लोग वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दें और समाप्ति से पहले फिटनेस करा सकें। परिवहन और यातायात विभाग ने जनवरी माह सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया। जगह-जगह लोगों को यातायात नियमों की शपथ दिलाने के साथ स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम भी हुए। बावजूद इसके सर्वाधिक गाड़ियों पर इस माह जुर्माना वाहनों की फिटनेस को लेकर ही लगाया गया।
खुद यातायात विभाग ने 300 से अधिक वाहनों का चालान इस माह किया। यातायात प्रभारी अरुणेंद प्रताप सिंह के मुताबिक इसमें बाइक, ऑटो, फोर व्हीलर, रोडवेज और स्कूल बस शामिल हैं। वाहनों की फिटनेस के कारण दुर्घटना की संभावना अधिक होती है। इसलिए अब लोगों को विभाग ने यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध करा दी है कि वह अपने वाहन की फिटनेस खुद देख सकें और समाप्ति से पहले फिटनेस कराएं।
इसके लिए विभागीय वेबसाइट पर सिटीजन लाॅगिन पर जाकर आईडी और पासवर्ड की मदद से पहले एकाउंट बनाएं फिर एकाउंट खुलने पर जिस वाहन की फिटनेस जानने की जरूरत हो वह नंबर अंकित करें। प्रक्रिया पूरी करते ही वाहन स्वामी का नाम और वाहन फिटनेस की पूरी जानकारी दिखने लगेगी।