ओमिक्रॉन : स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, तैयारी पूरी
- सात अस्पताल में बेड, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध
- पूर्वाभ्यास कर परखी जा चुकी है कार्य क्षमता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो चुका है। इलाज के लिए कोई परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की जा चुकी है। इसके अलावा उपलब्ध संसाधन की क्रियाशीलता एवं कार्य क्षमता की परख के लिए पूर्वाभ्यास भी किया जा रहा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से दावा किया जा रहा है कि अभी परेशान होने की जरूरत नहीं है। हर हालात ने निपटने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। गांव स्तर पर आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने में जुटी है।
नए वैरिएंट से मुकाबला करने के लिए पर्याप्त इंतजाम है। एलटू के रूप में 100 बेड का जिला महिला अस्पताल तैयार है। इसके अलावा चयनित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 30 से 60 बेड की व्यवस्था है। कोविड-19 हॉस्पिटल और सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट के साथ ही ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध है। जिससे इलाज के दौरान परेशानी नहीं होगी।
यहां लगा है ऑक्सीजन प्लांट
जिला अस्पताल में 550 लीटर प्रति मिनट की क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट लगा है। वहीं एलटू- महिला अस्पताल में 330 लीटर प्रति मिनट, सीएचसी परतावल 250 लीटर प्रति मिनट, सीएचसी फरेंदा 250 लीटर प्रति मिनट, सीएचसी घुघली 300 लीटर प्रति मिनट, सीएचसी गोपाल में 250 लीटर प्रति मिनट की क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट लगा है। जिम्मेदारों के अनुसार जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन के लिए परेशानी नहीं होगी। इन सभी प्लांटों से ऑक्सीजन की आपूर्ति बेहतर ढंग से हो सकेगी।
महिला अस्पताल, सीएचसी पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध
ऑक्सीजन प्लांट के अलावा ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी अस्पतालों में उपलब्ध है। महिला अस्पताल में 100 बेड कर 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली में 30 बेड पर 20, सीएचसी गोपाला 50 बेड पर 20, सीएचसी नौतनवां 40 बेड पर 20, सीएचसी धानी 60 बेड पर 20, सीएचसी परतावल में 50 बेड पर 20 एवं सीएचसी फरेंदा 30 बेड पर 20 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध है। इनमें सीएचसी परतावल और फरेंदा को जरूरत पड़ने पर कोविड अस्पताल के रूप में प्रयोग किया जाएगा।
मॉक ड्रिल अस्पतालों में कराया जा चुका है। केस मिलने पर कैसे इलाज करना है, इसकी पूरी तैयारी है। ऑक्सीजन पर्याप्त है। इसके अलावा दवाएं भी उपलब्ध है। लोगों से अपील है कि सामाजिक दूरी बनाए रखने के साथ ही हर हाल में मास्क पहनें।
- डॉ. एके श्रीवास्तव, सीएमओ