डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने किया निरीक्षण
महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में डॉ. रोमा गुप्ता ने गर्भवती महिलाओं की जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, नियमित जांच, टीकाकरण और संभावित जटिलताओं से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान स्टाफ नर्स बबीता और पूजा पांडेय ने महिलाओं की जांच में सहयोग किया। काउंसलर सरोज सिंह ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जानकारी दी। कुल 68 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। शिविर का निरीक्षण डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह और स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने किया। दोनों अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्था, जांच प्रक्रिया और महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का एक बड़ा माध्यम है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने महिलाओं से अपील की कि वे नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच करवाएं और योजना का पूरा लाभ लें।