स्कूल वाहन के रूप में मैजिक का उपयोग, नहीं मिली मानक व परमिट
एआरटीओ ने मान्यता प्रत्याहरण के लिए भेजा बीएसए को पत्र
निजी वाहन में बिठा रखे से स्कूली बच्चे, किया गया सीज
महराजगंज। स्कूली वाहनों की सघन जांच के दौरान बृहस्पतिवार को परतावल के धर्मपुर में संचालित एक स्कूल का वाहन (वैन) सीज कर दिया गया है। इसी स्कूल का एक अन्य वाहन एक सप्ताह पहले भी सीज किया गया था। कार्रवाई के बाद एआरटीओ ने बीएसए को उक्त स्कूल की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है।
जांच अभियान के दौरान भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौराहे पर एक निजी वाहन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। वाहन पर न तो स्कूली वाहन से संबंधित आवश्यक परमिट था और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। बच्चों को स्कूल पहुंचाने के बाद एआरटीओ ने वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। परिवहन विभाग के जिम्मेदार सड़क सुरक्षा के तहत स्कूल वाहनों का डाटा फीडिंग का कार्य रियल टाइम पद्धति से निजी स्कूलों में पहुंचकर करा रहे हैं। साथ ही स्कूल वाहन के रूप में संचालित वाहनों का परमिट, मानक, उम्र, प्रदूषण, बीमा व फिटनेस की जांच कर कार्रवाई भी की जा रही है। बृहस्पतिवार को प्रवर्तन टीम ने परतावल के धर्मपुर में संचालित एक निजी स्कूल की मैजिक को सीज कर भिटौली थाने को सुपुर्द कर दिया। इसी स्कूल का एक वाहन बीते सप्ताह सीज किया गया था जो अभी तक थाने की सुपुर्दगी में है।
वर्जन
एआरटीओ के पत्र का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को आदेश दिया गया है कि वह संबंधित स्कूल के खिलाफ नोटिस जारी करें। नोटिस में पूछा जाए कि विभागीय निर्देश के बाद भी मानक अनुरूप स्कूल वाहन न संचालित करने के चलते क्यों न स्कूल की मान्यता रद्द कर दी जाए।
-रिद्धि पांडेय, बीएसए,
परतावल के धर्मपुर में एक निजी स्कूल का वाहन मानक विहीन व बिना परमिट संचालित मिला। इसी स्कूल का एक वाहन पहले भी सीज किया जा चुका है। इस मनमानी को देखते हुए मान्यता रद्द करने का पत्र भेजा गया है। अभियान 15 तक जारी रहेगा।
-मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ, महराजगंज