पिटाई से गर्भवती महिला की हालत गंभीर
निचलौल। कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के जमुई कला गांव में बुधवार को मामूली बात पर कुछ दबंगों में एक गर्भवती महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। महिला की हालत गंभीर हो गई। जब आस-पास के लोग जुटने लगे तो आरोपित मौके से फरार हो गए। उसके बाद घायल महिला को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में लाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जमुई कला गांव निवासनी नूरजहां (26) ने बताया कि मामूली बात पर पड़ोसियों ने उनके ऊपर अचानक हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला के पति रोजी के सिलसिले में परदेश में हैं।
इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक के मुताबिक, घायल नूरजहां गर्भवती हैं। उनकी हालत बिगड़ती देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। संबंधित थाने से जानकारी लेकर पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी।