सोनौली सीमा पर बढ़ी सतर्कता, कोरोना जांच प्रक्रिया हुई तेज
सोनौली। कोरोना को ध्यान में रखते हुए भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर दोनों देशों की तरफ से आने-जाने वाले लोगों और पर्यटकों पर नजर रखी जा रही है। विदेश यात्रा कर चुके और संदिग्ध महसूस होने पर नेपाल से आने वाले भारतीय या नेपाली नागरिकों की भारतीय स्वास्थ्य कर्मी एंटीजन टेस्ट और आरटीपीसीआर के लिए सैंपल लेकर उनके नाम, पता और मोबाइल नंबर को नोट कर रहे हैं। उसी प्रकार भारत से जाने वाले भारतीय और नेपाली नागरिकों का नेपाल की तरफ बनाए गए सहायता केंद्र में स्वास्थ्य कर्मी जांच कर रहे हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली में मंगलवार को त्रिपुरा के दस भारतीय तीर्थ यात्रियों के संक्रमित पाए जाने के बाद भारत और नेपाल दोनों तरफ उच्च सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्यकर्मी अनूप सिंह ने बताया कि बुधवार को भी नेपाल से भारत आने वाले 72 लोगो का एंटीजन टेस्ट सोनौली सीमा पर किया गया, लेकिन कोई संक्रमित नहीं मिला। रूपनदेही जिले के मुख्य जिला अधिकारी ऋषि राम तिवारी ने कहा कि रूपनदेही के बेलहिया चौकी पर उच्च सतर्कता बरती जा रही है। अन्य राज्यों से नेपाल आने वाले पर्यटक और तीर्थ यात्रियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संख्या दस हजार, जांच सिर्फ तीन सौ
सोनौली सीमा से प्रतिदिन करीब दस हजार यात्रियों का आना-जाना होता है। उसमें सिर्फ तीन सौ के करीब यात्रियों की जांच हो रही है। दो सौ जांच नेपाल में और एक सौ जांच भारतीय सीमा में हो रही है। बेलहिया हेल्थ डेस्क बेलहिया नेपाल की तरफ प्रतिदिन औसतन 200 से 250 एंटीजन का परीक्षण किया जा रहा है। इसी तरफ भारतीय सीमा में करीब यह संख्या सौ के करीब है। बताया जा रहा है स्वास्थ्य कर्मियों को टेस्ट किट ही इतना इतनी मिल रही है।