नए मतदाताओं को घर पर मतदाता पहचान पत्र पहुंचाएंगे डाकिए
महराजगंज। नए मतदाताआें को अब डाकियों के माध्यम से मतदाता पहचान पत्र पहुंचाया जाएगा। अब तक लगभग 25 हजार मतदाताओं के पहचान पत्र को भेजने के लिए बुकिंग की जा चुकी है। जल्द ही उसे घर-घर पहुंचाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के लिए नए मतदाताओं को डाकिया के माध्यम से समय से मतदान पहचान पत्र भेजने की व्यवस्था की गई है, जिससे कि पहचान पत्र पाकर मतदाता न सिर्फ मतदान करें, बल्कि उनके पास मतदाता होने का प्रमाणपत्र भी उपलब्ध हो। रविवार को छुट्टी के दिन भी आठ कर्मियों की मौजूदगी में बुकिंग का कार्य कराया गया। संजय पटेल आदि कर्मी पूरे मनोयोग से कार्यों को पूरा कराते नजर आए।
पोस्टमास्टर हीरा प्रसाद ने कहा कि नए मतदाताओं को समय से पहचान पत्र उपलब्ध कराने की दिशा में बुकिंग का कार्य हो रहा है। 28 जनवरी से अब तक लगभग 25 हजार नए मतदाताओं को पहचान पत्र भेजने की फीडिंग की जा चुकी है। भविष्य में यदि और पहचान पत्र आएंगे तो उसे भी फीड किया जाएगा। समय से सभी मतदाताओं के घर पहचान पत्र का वितरण भी सुनिश्चित कराया जाएगा।
63,819 मतदाता को मिलेगा लाभ
डाक विभाग की ओर से बनाई गई व्यवस्था से जिले में कुल 63,819 मतदाताओं को लाभ मिलेगा। फरेंदा विधानसभा में 14,131, नौतनवा विधानसभा में 10,716, सिसवा विधानसभा में 12,128, सदर विधानसभा में 14,227 तथा पनियरा विधानसभा में 12,617 मतदाता बढ़े हैं।