महराजगंज। टीबी रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। अब इनके इलाज के साथ-साथ बेहतर पोषण भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि हो सके और वे जल्द स्वस्थ्य हो सके। जिला क्षय रोग विभाग की ओर से इन टीबी रोगियों को नियमित पोषण पोटली वितरित की जा रही है। इसमें गुड़, भूना, चना, सत्तू, मूंगफली दाना जैसे पौष्टिक आहार दिए जाते हैं।
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में जिले में अब तक स्वास्थ्य विभाग के प्रयास से 104 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त किया जा चुका है। विभाग का कहना है कि 2025 एक जनवरी से लेकर अब तक विभागीय पोर्टल पर टीबी रोगी 2776 पंजीकृत है।
इसमें 2697 रोगियों का विभिन्न क्षय रोग केंद्रों पर इलाज चल रहा है। इन रोगियों को निश्चल योजना के तहत प्रत्येक माह में 1000 रुपये दिए जाते हैं। इसमें इन लोगों को अब तक 91,98,000 रुपये दिए जा चुके हैं है।
वहीं टीबी रोगियों को पोषण पोटली योजना के तहत वर्ष 2024 में 2563, जबकि 2025 में अब तक 1502 क्षय रोगियों को पोषण का वितरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग का टीबी रोगियों को चिह्नित करने के लिए रोजाना पीएचसी व सीएचसी समेत सभी हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर स्क्रीनिंग की जा रही है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार आर्या ने बताया कि जिले में जितने भी पंजीकृत टीबी रोगी हैं। उन्हें समय से पोषण पोटली दी जा रही है।