संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में छह आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इनमें से पांच महराजगंज व एक आरोपी कुशीनगर जिले का रहने वाला है।
कोतवाली पुलिस की रिपोर्ट में प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गैंग लीडर गौतम उर्फ संदीप निवासी परसा गिदही थाना घुघली जनपद महाराजगंज का एक गैंग है। इस गैंग के सदस्य राधारमन पुरी निवासी वार्ड नंबर 11 बनियवा करबा सिसवा थाना कोठीभार, अतुल पांडेय निवासी ग्राम बरवा कला थाना सिंदुरिया, रंजित चौहान निवासी नेहरु नगर वार्ड नंबर 1 थाना कोठीभार, राहुल पांडेय उर्फ मयंक पांडेय निवासी हरखपुर सोनबरसा थाना घुघली जनपद महाराजगंज और सतीश वर्मा निवासी रामपुर बांगड थाना नेबुआ नौरंगिया जिला कुशीनगर है।
थाना पर कागजात की जांच में पाया गया कि पीड़ित धर्मेंद्र कुमार निवासी ग्राम बंजरिया पश्चिमी ने सूचना दी कि वह 16 अप्रैल को शादी समारोह में अपने गांव सिद्धार्थनगर गए थे। 30 अप्रैल को आवेदक की बहन वंदना घर आई तो पता चला कि कमरे का ताला और आलमारी टूटा है। जेवर समेत हजारों की नकदी गायब है। तहरीर के आधार पर केस पंजीकृत किया गया। 10 मई को आरोपी को गिरफ्तार करके बरामदगी के आधार पर कार्रवाई की गई। गैंग का चार्ट तैयार करके 20 जुलाई को अनुमोदन के लिए डीएम के यहां भेजा गया था। जहां से 19 अगस्त को अनुमोदन प्राप्त हुआ। कोतवाल ने बताया कि गैंग के खिलाफ अनुमोदन प्राप्त होने के बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।