नाबालिग प्रेमिका, पिता व एक अन्य को पुलिस भेज चुकी है जेल
प्रेम-प्रसंग से समाज में हो रही बदनामी के चलते की गई थी आदित्य चौरसिया की हत्या
फरेंदा। आदित्य चौरसिया हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या में शामिल तीन आरोपियों में नाबालिग प्रेमिका व उसके पिता समेत एक अन्य युवक को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
फरेंदा क्षेत्र के बैंकुंठपुर निवासी आदित्य चौरसिया दो फरवरी को हरपुर टोला कटहिया गांव में एक युवक के साथ आर्केस्ट्रा देखने घर से गया था और वापस घर नहीं लौटा। परेशान परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश में जुट गई। लापता होने के तीन दिन बाद आदित्य का शव लेजार महदेवा के सीवान में गेहूं की खेत में मिला तो हड़कंप मच गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक का गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई थी। पुलिस की फील्ड यूनिट, डाॅग स्वावड, सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की मदद से घटना का अनावरण किया गया।
इसके बाद घटना में शामिल नाबालिग प्रेमिका व उसका पिता मथुरा गुप्ता व एक अन्य युवक प्रदीप गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच की टीम ने हत्याकांड में शामिल चंदन गुप्ता निवासी लीलाछापर व लेजार महदेवा निवासी भुआल गुप्ता को गनेशपुर ढाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि आदित्य की हत्या में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।