ट्रॉमा सेंटर, एनआरसी और डायलसिस सहित सभी वार्डों में इलाज के उपकरणों की जांच की
महराजगंज। एसपीएमयू के जनरल मैनेजर के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने जिला अस्पताल में इलाज व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मचारियों से मरीजों को भर्ती करने और इलाज करने के बारे में पूछताछ की। टीम के सदस्यों ने कहा कि डॉक्टर मरीजों को बेहतर व त्वरित इलाज देने का कार्य करें।
एसपीएमयू के जनरल मैनेजर डॉ. अंबुज श्रीवास्तव, फैमिली प्लानिंग कंसंटेंट अखिलेश श्रीवास्तव और डिविजनल मैनेजर अरविंद पांडेय शनिवार को दोपहर में जिला अस्पताल पहुंचे। सीएमएस कक्ष में मीटिंग कर अभिलेखों की जांच की। इसके बाद टीम ओपीडी, पैथॉलोजी, मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, एसएनसीयू वार्ड, ब्लड बैंक, डायलसिस सेंटर और पोषण पूनर्वास केंद्र की जांच की। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती मासूमों के मीनू के बारे में जानकारी ली। साथ ही रसोई गैस की उपलब्धता के बारे में पूछताछ की। जनरल मैनेजर ने कहा कि मरीजों को बेहतर व त्वरित इलाज उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इलाज देने में किसी तरह की परेशानी या इलाज उपकरण की कमी हो तो उसे अवगत कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी, एसीएमओ डॉ. राजेश द्विवेदी, डॉ. एवी त्रिपाठी, फेमिली प्लानिंग के मुकेश त्रिपाठी, चीफ फार्मासिस्ट संतोष श्रीवास्तव और सहायक हास्पिटल मैनेजर मिथिलेश सहित कई डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मचारी मौजूद रहे।