महराजगंज। आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए पुलिस कार्यालय सभागार में सोमवार को जनपद के समस्त केंद्र व्यवस्थापकों/प्रधानाचार्यो की बैठक हुई। 17-18 फरवरी को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी।
अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती 2023 की लिखित परीक्षा 17 व 18 फरवरी को चार पालियों में होगी। केंद्रों पर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, शांति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, सीसीटीवी कैमरों की जांच करने आदि के बारे में निर्देशित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में यातायात व्यवस्था बनाए रखने, राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की जांच करेंगे। इस मौके पर उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी सदर मौजूद रहे। संवाद