महराजगंज। पुलिस लाइन में बुधवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान सीओ निचलौल रविंद्र सिंह ने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, वर्दी और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहने और विभागीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को ड्रिल का अभ्यास कराया गया। क्षेत्राधिकारी ने वर्दी और टर्नआउट का निरीक्षण करते हुए निर्धारित वर्दी में साफ-सुथरे और अनुशासित तरीके से ड्यूटी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से करना चाहिए।
परेड के बाद सीओ ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित मेस, बैरक, सीपीसी कैंटीन, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार और आरओ प्लांट का निरीक्षण किया। इसके अलावा जिम हॉल, बैडमिंटन हॉल, परिवहन शाखा, डायल-112, गणना कार्यालय और जीडी कार्यालय की व्यवस्थाओं को भी देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित शाखाओं में साफ-सफाई, रखरखाव और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक दक्षता, कार्यकुशलता और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।