महराजगंज। पॉक्सो एक्ट के आरोपी की तलाश में तीन टीमें तीन दिनों से पुलिस खाक छान रही है लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। उसकी तलाश में स्थानीय पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम लगातार छापा मार रही है।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदुर गांव निवासी किशन साहनी पर दिसंबर 2025 में एक 17 वर्षीय किशोरी को भगाने का आरोप लगा था। पीड़िता की मां ने थाना श्यामदेउरवा में छेड़छाड़, अपहरण, दुष्कर्म पॉक्सो एक्ट और एससी , एसटी एक्ट के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कराया था।
शनिवार को पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया और फरेंदा न्यायालय में पेशी के लिए लाया। पेशी के बाद उसे जेल भेजने के लिए हेड कांस्टेबल उदयभान कुशवाहा और होमगार्ड नंदकिशोर बाइक पर आरोपी को लेकर जा रहे थे। रास्ते में बुलेट एजेंसी के पास आरोपी ने लघुशंका का बहाना बनाकर बाइक रुकवाया और पुलिसकर्मियों को धक्का देकर खेत की ओर भाग निकला।
घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में देवरिया के लार थाना क्षेत्र निवासी हेड कांस्टेबल उदयभान और सेमरा चंदौली महराजगंज निवासी होमगार्ड नंदकिशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया तथा उन्हें निलंबित कर दिया।
हेड कांस्टेबल उदयभान की तहरीर पर फरार आरोपी किशन साहनी के खिलाफ भी सदर कोतवाली में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें पुलिस को चकमा देकर भागने का आरोप लगाया गया है।
आरोपी की तलाश में स्थानीय पुलिस के अलावा एसओजी और स्वाट टीम को लगा दिया गया है। जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी की गई है, नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सोमेंद्र मीणा, एसपी