संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के कसैला बजरंगनगर में धर्म परिवर्तन की सूचना पर कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने मामले में रविवार को फोटो वीडियो एवं अन्य साक्ष्य के साथ पुलिस से शिकायत किया। देर शाम तक मामले में कोई कार्रवाई पुलिस की तरफ से नही की गई। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल किया जा रहा है।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक सौरभ जायसवाल, शुभम राय, आनंद शर्मा, गोलू विश्वकर्मा, विवेक मिश्र आदि ने कोतवाली पुलिस को दिए अपने शिकायत में बताया कि कसैला बजरंगनगर में धर्म परिवर्तन का खेल चल रहा है।
मोहल्ले वासियों की सूचना पर वह लोग पहुंचे तो वहां पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। कारण पूछने पर वहां पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। वहां से न जाने पर सभी लोग जान से मारने की धमकी देने लगे।
एक व्यक्ति के उकसाने पर देवी की मूर्ति भी तोड़ी गई है। इस तरह का अपराध उक्त लोगों के द्वारा गांव-गांव जाकर किया जा रहा है। पूरी घटना का उन लोगों के पास वीडियो भी सुरक्षित है। जिससे लगातार उन लोगों को धमकी मिल रही है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी है। प्रार्थना पत्र मिला है, जिसकी जांच कराई जा रही है। यदि मामला सत्य होगा तो कार्रवाई होगी।