महराजगंज। पुलिस उप महानिरीक्षक आनंद कुलकर्णी ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध नियंत्रण के प्रगति की समीक्षा की। अपराध पर रोकथाम व कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाएं रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिया। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जनपद में अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा तथा आगामी गणतंत्र दिवस पर शांति सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया। पुलिस उप महानिरीक्षक ने महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति से संबंधी अपराध व निरोधात्मक कार्रवाई के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बॉर्डर क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी, पेट्रोलिंग इंटेलिजेंस विभाग के साथ-साथ अधिसूचना विभाग को भी आपस में समन्वयक स्थापित करें।
भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर पहुंचे डीआईजी गोरखपुर आनंद कुलकर्णी ने सीमा का निरीक्षण किया। उन्होंने भारत-नेपाल के सोनौली भारत द्वार से सटे एसएसबी कैंप में भारतीय सीमा की जांच एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल का सोनौली बाॅर्डर सबसे संवेदनशील है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और गणतंत्र दिवस को लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक अतीश कुमार सिंह, कमांडेंट शंकर सिंह, डिप्टी कमिश्नर वैभव कुमार सिंह, एसओ अभिषेक सिंह मौजूद रहे।