महराजगंज। अब शिक्षकों का ब्योरा आम लोग भी जान सकेंगे। परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के स्कूल में फोटो फ्रेम लगाए जाएंगे। इसमें नाम, योग्यता, मोबाइल नंबर सहित अन्य ब्योरा होगा। इसके लिए शासन ने धनराशि आवंटित कर दी है।
जिले में संचालित 1703 परिषदीय विद्यालयों में करीब दो लाख 10 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। इन विद्यालयों में हमारे शिक्षक नामक शीर्षक से शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के अलग-अलग फोटो फ्रेम लगाए जाएंगे। यह फोटो फ्रेम एक फीट चौड़ा व डेढ़ फीट लंबा होगा। इसमें शिक्षकों की उच्च गुणवत्ता युक्त फोटो, शैक्षिक योग्यता, प्रशिक्षण योग्यता, विद्यालय में तैनाती की तारीख, मोबाइल नंबर, आवंटित कक्षा, आवंटित विषय और विशिष्ट उपलब्धियां इसमें राज्य शिक्षक पुरस्कार या राष्ट्रपति पुरस्कार का विवरण अंकित रहेगा। फोटो फ्रेम की कीमत 150 रुपये निर्धारित की गई है।
निरीक्षण करने वालों को होगी सुविधा
विद्यालयों में शिक्षकों की फोटो फ्रेम ऐसे जगह लगाए जाएंगे, जो बच्चों और विद्यालय में प्रवेश करने वाले प्रत्येक अभिभावक, निरीक्षण कर्ता और आम लोगों को आसानी से दिखाई दे। इससे निरीक्षणकर्ताओं की जानकारी जुटाने में आसानी होगी।