सिसवा बाजार। कस्बे में लो-वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती, असमान्य विद्युत शुल्क व विभाग की मनमानी के विरोध में नगर के व्यवसायी और युवाओं ने विद्युत उपखंड परिसर में धरना दिया। मौके पर पहुंचे अधीक्षण अभियंता के आश्वासन पर चार घंटे के बाद धरना समाप्त हो गया।
भीषण गर्मी के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों में लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या को लेकर नगर के उपभोक्ता काफी आक्रोशित हैं। वहीं असमान्य विद्युत शुल्क भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। विद्युत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से नाराज कस्बे के व्यापारियों व युवाओं ने क्षेत्र पंचायत सदस्य राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में मंगलवार सुबह 10 बजे से विद्युत उपखंड परिसर में धरने पर बैठ गए।
राजन विश्वकर्मा ने कहा कि नगर विभागीय कर्मचारियों द्वारा धनादोहन और लापरवाही के शिकार आम उपभोक्ता हो रहे हैं। शाम में कहीं बिजली के खंभे और ट्रांसफाॅर्मर से खराबी होती है तो उसे तत्काल दुरुस्त न कर अगले दिन पर छोड़ दिया जाता है। जब तक किसी सक्षम अधिकारी द्वारा धरनास्थल पर आकर ऐसे अधिकारी को हटाने और लो-वोल्टेज, बिजली कटौती की समस्या को दुरुस्त नहीं कराया जाएगा तब तक यह धरना जारी रहेगा।
धरना स्थल पर पहुंचे अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने उपभोक्ताओं से वार्ता के बाद समस्याओं के निराकरण के आश्वासन दे कर धरना समाप्त कराया। इस दौरान सूरज पांडेय, शहज़ाद, नवीन मद्धेशिया, विवेक तिवारी, अजय सिंह, दीपू मद्धेशिया, दीपक सोनी, जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।