महराजगंज/नौतनवा। होली का त्योहार मनाने घर आए परदेसी अब कर्मभूमि की ओर लौटने लगे हैं। इससे गोरखपुर-नौतनवा रेल खंड पर चलने वाली ट्रेनों और बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर नौतनवा अंतिम रेलवे स्टेशन है जो भारत-नेपाल सीमा के करीब है। यहां से नेपाल तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का काफी संख्या में आवागमन होता है। नेपाल के लोग भारी संख्या में भारत के लुधियाना, चंडीगढ़, असम, दिल्ली, हरियाणा, जालंधर, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता आदि शहरों में काम करते हैं।
इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी देश के अन्य राज्यों में रहकर मजदूरी करते हैं। होली मनाने लोग गांव आए थे। पर्व बीतने के बाद अब लोग अपने रोजी-रोटी के लिए काम पर लौट रहे हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। शनिवार को नौतनवा से जाने वाली नौतनवा दुर्ग एक्सप्रेस, नौतनवा से गोरखपुर के लिए जाने वाली पैसेंजर ट्रेन और नौतनवा छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस में काफी भीड़ रही।
स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम अंसारी ने बताया कि होली त्योहार बीतने के बाद इस समय ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। उधर, महराजगंज शहर के बस स्टेशन पर लोकल रूट पर जाने के लिए बस खड़ी रही, लेकिन गोरखपुर जाने वाली बस तुरंत भर जा रही थी। बाहर से आने वाले लोगों को पहुंचने की जल्दी है। पकड़ियार गांव के जयंत्री प्रसाद ने बताया कि मुंबई जाने के लिए गोरखपुर से ट्रेन पकड़नी है।
एक बस गोरखपुर गई तो उसमें बैठने की जगह नहीं मिली, इस वजह से रूक गया। दूसरी बस से जाना पडे़गा। इसी तरह से दिनेश ने भी समस्या का जिक्र कहते हुए कहा कि करीब एक सप्ताह तक समस्या बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि आरक्षण टिकट नहीं मिला, इस वजह से बस से गोरखपुर से दिल्ली जाउंगा। उधर से आने के दौरान भी समस्या हुई थी। त्योहारों में अक्सर ऐसे ही होता है। महराजगंज डिपो एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि पर्याप्त बसें लगी हैं। यात्रियों को समस्या न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।