फोटो कैप्शन : नौतनवा रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के खुलने का इंतजार करते यात्री।
लखनऊ- दिल्ली रूट पर है सर्वाधिक असुविधा, तीन से चार घंटे बाद मिल रही है दूसरी सेवा
बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ के कारण लोगों को हुई परेशानी
महराजगंज। होली मनाने के लिए बड़े शहरों से घर आने वाले लोग होली मनाकर बृहस्पतिवार को लौटने लगे। बड़ी संख्या में यात्री दोपहर बाद लखनऊ-कानपुर व दिल्ली रूट के यात्री बस सेवाओं का इंतजार करते देखे गए। स्थिति यह रही कि दोपहर में बस स्टेशन पहुंचे लोगों को भीड़ के कारण शाम तक दूसरी सेवा नहीं मिल सकी।
महराजगंज डिपो से लखनऊ के लिए तीन व कानपुर तथा दिल्ली के लिए होली में प्रति दिन दो-दो रोडवेज सेवाएं 28 फरवरी से संचालित की जा रही हैं। यह क्रम 9 मार्च मध्य रात्रि तक बना रहेगा। चार मार्च की होली मनाने आए लोगों को लांग रूट की बसों से काफी सहूलियत मिली। लेकिन लौटते समय बसों में सीट के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को बागापार के रहने वाले राकेश गुप्ता अपने परिवार संग ई रिक्शा से बस स्टेशन पहुंचे। उनका परिवार कानपुर से होली में घर आया था। उनकी चार बेटियां भी साथ थीं जो कानपुर में ही रहकर पढ़ाई करती हैं। उन्होंने बताया कि कानपुर की पहली बस जा चुकी है। शाम को जाने वाली दूसरी बस का इंतजार कर रहा हूं। इसी प्रकार प्रयागराज जाने वाले तीन यात्रियों को भी अगली सेवा का इंतजार करना पड़ा जो चेहरी और चौक में त्योहार मनाने आए थे अब वापस लौटने के लिए बस स्टेशन पहुंचे थे।
वर्जन
डिपो की 15 से अधिक बसें लांग रूट पर संचालित हैं। यात्रियों को चाहिए कि अगर लखनऊ-दिल्ली या प्रयागराज की सीधी सेवा छूट गई है तो बस स्टेशन से कोई भी सेवा गोरखपुर तक पकड़ लें। वहां पहुंचकर सीधी बस या ट्रेन की सेवा ले सकते हैं। इस तरह वह लंबे इंतजार से बच सकते हैं।
-सर्वजीत वर्मा, एआरएम