महराजगंज। धनतेरस और दिवाली पर्व को लेकर जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों में पूजा-पाठ और घरों की सजावट से जुड़े सामान की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो जा रही है।
सदर कोतवाली के पास स्थित दुकानदार बजरंगी पटवा ने बताया कि धनतेरस को लेकर मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ी है। उनके यहां मिट्टी के दीये एक से दो रुपये प्रति पीस, मोमबत्ती पांच से 50 रुपये तक और रंग-बिरंगी झालरें 50 से 200 रुपये तक बिक रही हैं। वहीं, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की कीमत 50 से 500 रुपये तक है।
लोग धनतेरस पर पूजा के लिए मिट्टी के दीये, मोमबत्ती, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजा थाली, कलश और घरों को सजाने के लिए रंग-बिरंगी झालरें, बंदनवार तथा रंगोली की खरीदारी कर रहे हैं। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार सामान खरीद रहे हैं।
इसी तरह सक्सेना चौक पर भी पूजा सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है। यहां दुकानदार शिव पटवा ने बताया कि पूजा थाली 150 से 250 रुपये, कलश 50 से 400 रुपये और रंगोली 30 से 100 रुपये तक में उपलब्ध है। इसके अलावा घरों और दुकानों को आकर्षक रूप देने के लिए बंदनवार और सजावटी लाइटों की भी खूब खरीदारी हो रही है।
त्योहार को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल से छोटे दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस और दिवाली के दिन खरीदारी में और तेजी आएगी। इससे उन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद है।