राज्य सरकार के अधीन विभिन्न कार्यालयों में तैनात अधिकारी, कर्मचारी के अवकाश ग्रहण करने पर उनका पेंशन प्रपत्र अब ऑनलाइन भेजा जाएगा। सभी आहरण वितरण अधिकारी इसे अपलोड करने और पेंशन प्रपत्र को अग्रसारित करने के लिए अपना डिजिटल सिग्नेचर बनवा लें।
यह निर्देश डीएम सुनील कुमार श्रीवास्तव ने जिले के सभी आहरण वितरण अधिकारी तथा कार्यालयाध्यक्षों को दिया है। अपने आदेश में उन्होंने प्रत्येक कार्यालय में मार्च 2016 तक अवकाश ग्रहण करने वाले अधिकारी, कर्मचारी की सूची भी तलब की है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य कोषाधिकारी गिरीश नाथ चौबे ने ई-पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल सिग्नेचर यूपी इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन लखनऊ से बनाया हुआ ही मान्य होगा। अन्य संस्था का नहीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दो वर्ष पर इसका नवीनीकरण भी कराना होगा।
उन्होंने कहा कि अवकाश ग्रहण करने वाले सभी अधिकारी, कर्मचारी का पेंशन प्रपत्र एक माह पूर्व ही ऑनलाइन करना होगा। विलंब के लिए आहरण वितरण ही उत्तरदायी होंगे।
पेंशन प्रपत्र में कोई अशुद्धि होने पर भी उनकी जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
बैठक में अपर जिला जज डॉ. बाल मुकुंद, कलेक्ट्रेट के आहरण वितरण अधिकारी चंद्रपाल तिवारी, सीएमओ एसपी श्रीवास्तव, जिला होम्योपैथ अधिकारी डॉ. कमलेश द्विवेदी और विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कार्यालय लेखाकार, सहायक कोषाधिकारी रमेश चन्द्र पांडे, जिलापूर्ति अधिकारी अमित तिवारी, सतीश दुबे, सहायक निबंधक सहकारिता वृन्दावन गुप्ता, संतलाल, दिलीप श्रीवास्तव, महेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।