सिसवां चीनी मिल ने किया 3.10 करोड़ का भुगतान
- 31 मार्च 2020 तक गन्ने की आपूर्ति करने वाले लगभग 350 किसानों का हुआ भुगतान
महराजगंज। आईपीएल शुगर मिल सिसवां ने जिले के गन्ना किसानों का तीन करोड़ 10 लाख रुपये का भुगतान किया है। भुगतान से जहां लगभग 350 किसानों को राहत मिली है, वहीं अभी भी मिल पर 16 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है। अवशेष किसानों के बकाए गन्ना मूल्य के भुगतान को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं।
आईपीएल चीनी मिल सिसवां द्वारा बीते पेराई सत्र में कुल 95.99 करोड़ रुपये की गन्ने की पेराई हुई थी। मिल द्वारा पहले किसानों को गन्ना मूल्य का 76 करोड़ 89 लाख 29 हजार रुपये भुगतान किया गया था। मिल ने फिर लगभग 350 से अधिक किसानों का तीन करोड़ 10 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। मिल द्वारा किए गए भुगतान से 31 मार्च तक गन्ने की आपूर्ति करने वाले किसानों को राहत मिली है, वहीं अभी भी अवशेष किसानों को लगभग 16 करोड़ की धनराशि का इंतजार है। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि सिसवां मिल द्वारा गन्ना किसानों को भुगतान किया जाना जारी है। जैसे-जैसे चीनी बिक रही है, वैसे-वैसे किसानों के बकाया मूल्य का भुगतान हो रहा है। मिल प्रबंधन को भी नियमित तौर पर भुगतान करने व किसानों को राहत देने का निर्देश दिया गया है।