महराजगंज। बृहस्पतिवार को निचलौल जाने के लिए बस स्टेशन पर यात्री घंटों परेशान रहे। दोपहर में 12 से एक बजे तक बस का इंतजार करते रहे। बस न मिलने पर ज्यादातर यात्री टेंपो टैक्सी से रवाना हो गए। करीब डेढ़ बजे एक बस पहुंची तो उसमें बैठने के लिए यात्रियों में होड़ मच गई।
विमल देवी ने बताया कि निचलौल जाने के लिए बस स्टेशन पर गई, लेकिन वहां पर उस रुट की रोडवेज बस नहीं मिली। उन्होंने काउंटर पर जाकर कर्मियों से जब इसके बारे में पूछा तो सटीक जानकारी नहीं मिली। विजय कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए थे। घर जाने के लिए बस स्टेशन पर पहुंचा तो पता चला की इस रूट पर कोई रोडवेज बस नहीं हैं। कुछ देर में आएगी।
एक घंटे तक इंतजार किया, लेकिन बस नहीं आई। मटेलू ने बताया कि हमें ठूठीबारी जाना था। एक घंटे से बस स्टेशन पर बस का इंतजार कर रहा था, थक हारकर ऑटो से जा रहा हूं। एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि ठंड में कुछ रुट की रोडवेज बसें थोड़ी बहुत देर से स्टेशन पर पहुंच रही हैं। सभी बसों को समय से रवाना करने की हर संभव कोशिश की जा रही है।