महराजगंज। पात्रों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने में पूरे प्रदेश में 72.56 फीसदी लक्ष्य पूरा कर महराजगंज जिला दूसरे स्थान पर है। 70 वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए 25 नवंबर से 17 दिसंबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में 1019 शिविर लगाकर 20454 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। अब बुजुर्ग घर बैठे आयुष्मान एप से कार्ड बनवा सकेंगे।
मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कर पूरी प्रक्रिया यहां तक बायोमीट्रिक सत्यापन के लिए भी कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आयुष्मान भारत एप से 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले बुजुर्गों के लिए नया फीचर जुड़ गया है। आयुष्मान कार्ड की पात्रता रखने वाले लाभ लेने के लिए पहले इसे स्मार्टफोन में डाउनलोड करें।
एप खोलने पर लागइन विकल्प से होकर बेनीफिशियरी विकल्प पर जिएं यहां स्क्रीन पर दिखने वाले कैप्चा को फीड करते हुए मोबाइल नंबर भरने के साथ सत्यापित करें। सत्यापित करने पर दर्ज मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा जिसे भरते हुए लागइन करें।
नये पेज पर स्कीम विकल्प मिलेगा जिसमें आयुष्मान कार्ड के लिए पीएमएजेवाई विकल्प पर जाएं। यहां स्टेट विकल्प में यूपी भरने के बाद सब स्कीम में पीएमएजेवाई चयन कर अपना आधार नंबर, जिला व बड़े बाक्स में कैप्चा फीड कर फॉर इनरोलमेंट पर जाएं। यहां 70 वर्ष से अधिक आयु वाले पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड का विकल्प मिलेगा।
यहीं बायोमेट्रिक सत्यापन मिलेगा जिसपर जाने पर क्लिक योर फोटो का विकल्प मिलने पर ऑनलाइन अपनी फोटो कैमरे से लेकर अपलोड करते ही आयुष्मान कार्ड बन जाएगा और मोबाइल स्क्रीन पर दिखेगा। इस प्रक्रिया के चार दिन बाद दोबारा इसपर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।