मिठौरा। सिंदुरिया शिकारपुर मार्ग पर परिवहन निगम की बसें नहीं चलने के कारण प्राइवेट वाहन चालक कम दूरी का मनमाना भाड़ा वसूल रहे हैं। जिसके कारण यात्रियों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ती है। यात्रियों की जरूरत को देखकर वाहन चालक इसी दूरी के लिए 40-45 रुपये किराया भी मांगने लगते हैं। नहीं देने पर झगड़ने लगते हैं।
सिंदुरिया से शिकारपुर होते हुए यात्री गोरखपुर सहित अपने गंतव्य स्थानों की यात्रा करते हैं। सिंदुरिया, कंचनपुर, मोहनापुर, नरायनपुर, रजवल, रामपुर महूअवा, बल्लों आदि दर्जनों ग्राम सभाओं के लाखों ग्रामीण सिंदुरिया शिकारपुर मार्ग पर यात्रा करते हैं। सिंदुरिया से शिकारपुर जाने वाले यात्रियों से प्राइवेट वाहन चालक 30 रुपये किराया वसूल रहे हैं। सिंदुरिया से रजवल की दूरी 6 किलोमीटर है, यहां के लिए 20 रुपये किराया वसूला जाता है। यह दरें भी फिक्स नहीं हैं। यात्रियों की जरूरत देखकर चालक तुरंत किराया बढ़ा देते हैं।
यदि कोई यात्री विरोध करता है तो पूरे प्राइवेट वाहन के चालक एक हो जाते हैं और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। कभी-कभी तो वाहन चालक बीच रास्ते में वाहन रोक कर यात्रियों को अपमानित करके उतार भी देते हैं। रमेश गुप्ता, फेकू चौधरी, मोहन प्रसाद, गुड़िया देवी, रमाशंकर का कहना है कि प्रशासन प्राइवेट वाहनों की मनमानी पर कोई कदम नहीं उठा रहा है। एआरटीओ विनय कुमार ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।