नौतनवा। गोरखपुर नौतनवा रेल खंड पर चलने वाली 05469 तथा 05470 पैसेंजर ट्रेन को रेलवे प्रशासन ने शुक्रवार को निरस्त कर दिया। इससे यात्रियों को काफी समस्या हुई। लोग अधिक किराया देकर बस से रवाना हुए।
पूर्वोत्तर रेलवे के बाराबंकी-गोरखपुर रेल खंड पर गोंडा स्टेशन से लगभग 18 किमी दूर मोतीगंज-झिलाहीं बाजार स्टेशन के बीच पिकौरा गांव के पास डाउन लाइन पर 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के आठ कोच पटरी से उतर गए। हादसे में कई गाड़ियों के रूट में परिवर्तन किया गया तो कई गाड़ियों को निरस्त कर दिया गया।
बचाव एवं राहत कार्य के कारण 05469 नकहा जंगल नौतनवा पैसेंजर ट्रेन व 05470 नौतनवा गोरखपुर सवारी गाड़ी को रेलवे प्रशासन ने निरस्त कर दिया। यह ट्रेन रोजाना सुबह नकहा जंगल से चलकर नौतनवा आती है और नौतनवा स्टेशन से 9:40 बजे गोरखपुर के लिए प्रस्थान करती है। ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्री पिंटू यादव, सोमई मौर्य, त्रिलोकी मौर्य, रामअचल यादव, अमित कुमार श्रीवास्तव, श्याम नारायन यादव, अमर चौहान, जानकी, सुमित्रा, अनीता सिंह, माया, रीमा राय आदि ने बताया कि सुबह 9:40 बजे नौतनवा से गोरखपुर तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन बंद होने से काफी समस्या हुई। रोडवेज बस से अधिक किराया देकर यात्रा करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक नौतनवा जफरे आलम ने बताया कि एक दिन के लिए पैसेंजर ट्रेन निरस्त हुई है।