शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं, बढ़ी समस्या
महराजगंज। महराजगंज को जिला मुख्यालय बने लगभग 33 वर्ष हो गए, लेकिन अब तक नगर में पार्किंग की बेहतर व्यवस्था नहीं हो सकी है। स्थिति यह है कि अभी लोग अपने वाहनों को सर्विस लेन अथवा सड़क के किनारे खड़ा कर रहे हैं। जिसकी वजह से राहगीरों के साथ-साथ दुकानदारों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका परिषद महराजगंज की सीमा विस्तारित हो चुकी है। पालिका के जिम्मेदारों ने रुचि दिखाते हुए स्टैंड आदि के लिए तो भूमि चिह्नित करते हुए उसका संचालन भी प्रारंभ करा दिया, मगर अभी नगर में पार्किंग की व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी है। पार्किंग की व्यवस्था विकसित न होने से जहां नगर के फरेंदा मार्ग पर सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहता है। राहगीरों व दुकानदारों को काफी परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
निचलौल व गोरखपुर मार्ग पर सड़क के किनारे ही वाहनों को खड़ा करना लोगों की मजबूरी है। लोगों का कहना है कि पालिका के जिम्मेदारों को चाहिए कि वे अविलंब शहर में पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध कराएं, जिससे कि किसी प्रकार की मुश्किलों से बचने में मदद मिल सके।
--
लोगों को होती है दिक्कत
नगर में पार्किंग की सुविधा नहीं है। वहीं मजबूरी में सर्विस लेन व सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वालों पर यातायात पुलिस कार्रवाई करती है। वहीं जाम की समस्या भी झेलनी पड़ती है।
------------
नगर क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने के उद्देश्य से स्थलों को चिह्नित कराया जा रहा है। इस दिशा में जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
- आलोक कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका