आरक्षण सूची जारी होने के बाद से शुरू हुई आपत्ति की प्रक्रिया, सर्वाधिक आपत्ति प्रधान पद पर
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आपत्ति लेने की प्रक्रिया के प्रारंभ होने के बाद पहले दिन ही आपत्तिकर्ता सक्रिय दिखे। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में बृहस्पतिवार को कुल 76 आपत्तियां आईं। इसमें सर्वाधिक 50 प्रधान पद की थीं। जिला पंचायत सदस्य पद पर 18 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर कुल आठ आपत्ति प्राप्त र्हुइं। आपत्ति आठ तक ली जाएंगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिला पंचायत सदस्य के 47, प्रधान पद के 882, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 1166 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के 11282 पदों पर आरक्षण जारी कर दिया गया है। प्रशासन का दावा है कि आरक्षण मानकों का पूर्णत: पालन करते हुए बनाया गया है। वहीं आरक्षण से असंतुष्ट लोग आपत्ति को लेकर सक्रिय हो चुके हैं। चार से आठ मार्च तक आपत्ति की तिथि निर्धारित है ऐसे में पहले दिन ही जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में प्राप्त 76 शिकायतें यह दर्शा रही हैं कि आने वाले चार दिनों में इनकी संख्या में काफी बढ़ोत्तरी होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा ने बताया कि आठ मार्च तक प्राप्त आपत्तियों को 10 से 12 मार्च तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा निस्तारित किया जाएगा।
------------
नामांकन पत्रों की धनराशि को जमा कराएंगे बीडीओ व एएमए
पंचस्थानीय चुनाव अधिकारी कार्यालय के प्रभारी धनंजय कुमार दूबे ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन पत्रों को बेचने व उससे प्राप्त धनराशि को चालान के माध्यम से जमा कराने कह जिम्मेदारी अपर मुख्य अधिकारी की होगी। इसी प्रकार ग्राम प्रधान, बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य पद के नामांकन पत्रों को बेचे जाने की व्यवस्था व नामांकन पत्रों से प्राप्त धनराशि को चालान के माध्यम से जमा कराने की जिम्मेदारी संबंधित ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी की होगी।