शिकरपुर/भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र के शिकारपुर सिंदुरिया मार्ग पर पड़री खुर्द के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के बल्लो खास निवासी संगद यादव (40) अपने मित्र पड़री खुर्द निवासी अजीत चौहान के साथ बाइक से शनिवार की देर रात बल्लो की तरफ जा रहे थे। पडरी खुर्द चौराहे के पास चार पहिया वाहन की चपेट में आ गए, जिसके कारण दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची घुघली पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को इलाज के लिए महराजगंज जिला अस्पताल भेज दिया। जहां इलाज के दौरान संगद यादव की देर रात मौत हो गई, जबकि अजीत चौहान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संगद बाहर रहकर फर्नीचर का काम करके अपने घर की आजीविका चलाता था। मृतक के दो लड़के सत्यम 16 एवं शिवम 14 अभी पढ़ाई करते हैं। पत्नी नीलम गृहिणी हैं। घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने तहरीर के अनुसार विधिक कार्रवाई करने की पुष्टि की।