कार की चपेट से शख्स की मौत
फरेंदा (महराजगंज )। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनिकौरा गांव के समीप पैदल जा रहे व्यक्ति कार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मनिकौरा निवासी सुरेश गौड़ (50) सोमवार की रात किसी काम से सड़क की तरफ गए थे। मनिकौरा गांव के सामने सड़क पार करते समय कार की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ सुनील दत्त दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।
खेत में मिला महिला का शव, शिनाख्त नहीं
फरेंदा (महराजगंज )। फरेंदा खुर्द के सिवान में गेहूं के खेत में एक महिला की सड़ी-गली लाश मिली। महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के फरेंदा खुर्द सिवान में गेहूं के खेत में मंगलवार दोपहर अज्ञात महिला का शव मिला। शव करीब एक सप्ताह पुराना लग रहा है। महिला का चेहरा कपड़े से ढका हुआ था, वह जींस व टीशर्ट पहने हुए थी। शव से कुछ दूरी पर चप्पल पड़ा था। जहां शव मिला वहां से कुछ ही दूरी पर रेलवे ट्रैक है। सीओ सुनील दत्त दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।